हिंदुस्तान टीवी न्यूज़
लोकेशन: सिंगरौली/सरई
सरई। नगर परिषद सरई स्थित विंध्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल हुए। विद्यालय के डायरेक्टर रमापति जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय वन सेवा (IFS) में चयनित रविनंदन गुप्ता का विशेष रूप से अभिनंदन एवं सम्मान किया गया।

ग्रामीण अंचल से निकल रही सफलता की कहानियां

विंध्य उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने सरई जैसे ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और संघर्ष को महत्व देते हुए अपनी पहचान बनाई है। विद्यालय से शिक्षा प्राप्त विद्यार्थियों ने विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों में IFS रविनंदन गुप्ता, चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. नितेश गुप्ता, डॉ. अमित गुप्ता और डॉ. राघवेंद्र जायसवाल तथा सहायक प्राध्यापक पूजा साहू शामिल हैं। विद्यालय प्रबंधन इन उपलब्धियों को ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत मानता है।
‘हर बच्चे में प्रतिभा, जरूरत है सही दिशा की’
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी के भीतर कोई न कोई प्रतिभा होती है। आवश्यकता उस प्रतिभा को पहचानने, निखारने और सही दिशा देने की है। इसी उद्देश्य से विद्यालय में शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन पर भी विशेष जोर दिया जाता है।
समारोह में विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संघर्ष व्यक्ति के व्यक्तित्व को निखारता है और सफलता के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में पहचान बनाने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी।
प्रतिभा सम्मान समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों और पूर्व छात्रों की सफलता को याद करते हुए विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इन उपलब्धियों से वर्तमान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
सरई के ग्रामीण परिवेश से निकलकर देश-प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में पहचान बना रहे विद्यार्थी यह संदेश दे रहे हैं कि सही मार्गदर्शन, मेहनत और निरंतर संघर्ष से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
R हिंदुस्तान टीवी न्यूज़
