अयोध्या, 25 अगस्त 2026। ईद-मिलादुन्नवी/बारावफात पर्व को लेकर अयोध्या जिला प्रशासन ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला मजिस्ट्रेट शशांक त्रिपाठी ने अधिकारियों को संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और आपसी समन्वय के साथ शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन के अनुसार चंद्र दर्शन के आधार पर ईद-मिलादुन्नवी/बारावफात का पर्व 26 अगस्त 2026 को मनाया जाना है। पर्व के दौरान घरों, मस्जिदों और ईदगाहों में सजावट, मिठाई वितरण तथा आतिशबाजी की गतिविधियां होती हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी के निर्देश जारी किए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट ने नगर मजिस्ट्रेट, रेजीडेंट मजिस्ट्रेट और सभी उप जिला मजिस्ट्रेटों को पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। वहीं अपर जिला मजिस्ट्रेटों को पुलिस अधिकारियों, ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेटों, पुलिस बल और आयोजकों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य, बिजली, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, जल निगम और अन्य संबंधित विभागों को भी पर्व के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित
पर्व के दौरान त्वरित संवाद और समन्वय के लिए कलेक्ट्रेट स्थित नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है।
कंट्रोल रूम: 05278-223753
जिला प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पर्व के दौरान पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें और शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
ब्यूरो प्रमुख: वेद प्रकाश राजपूत
लोकेशन: अयोध्या, उत्तर प्रदेश
