गाजीपुर जनपद के विकास खंड विरनो स्थित हनुमान मंदिर, शेखपुर परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर एवं शासन से नामित नोडल अधिकारी/वाराणसी मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर लगभग 200 पौधों का रोपण किया गया। वृक्षारोपण के दौरान अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, जखनियां विधायक बेदी राम, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय, सुभासपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र राजभर, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ लाभकारी पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम के दौरान लोकगायक राकेश कुमार ने “आओ धरती सजाएं आसमान के लिए, एक पेड़ तुम लगाओ अपनी मां के लिए” गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों का स्मृति चिन्ह एवं पौधा भेंट कर स्वागत भी किया गया। इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जनभागीदारी का संदेश दिया गया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की गई।
