रिपोर्ट: सुरेश कुमार शर्मा
लोकेशन: जोधपुर, राजस्थान

जोधपुर। शिक्षा जगत से गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। राजकीय महाविद्यालय गोटन में भूगोल विषय के सहायक आचार्य डॉ. नवीन कुमार को भूगोल शास्त्र में विशिष्ट कार्य के लिए मानद डी. लिट. की उपाधि से सम्मानित किया गया।
नई दिल्ली के करोल बाग में आयोजित HRAPA के 5वें वार्षिक सम्मेलन में शिक्षाविदों और गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी में डॉ. नवीन कुमार को यह सम्मान प्रदान किया गया। उन्हें यह उपाधि एक वर्ष में पांच पुस्तकों के लेखन, शोध मार्गदर्शन तथा निःशुल्क लाइब्रेरी संचालन सहित शैक्षणिक एवं सामाजिक योगदान के लिए प्रदान की गई।
सम्मेलन के दौरान डॉ. नवीन कुमार की पुस्तक ‘आर्थिक एवं संसाधन भूगोल’ का विमोचन भी किया गया। सम्मान मिलने पर शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
