तखतगढ़ (पाली)।* तखतगढ़ थाना क्षेत्र के पिचावा गांव में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि 13 सितंबर को हुई चोरी की वारदात के करीब 20 दिन बाद पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद से ही वह कार्रवाई के लिए थाने के चक्कर काट रहा था।

लाखों के सोने-चांदी के आभूषण और 70 हजार नकदी पार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिचावा गांव निवासी धनाराम सीरवी के मकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोर घर से उनकी पुत्रवधू का करीब 45 ग्राम सोने का मंगलसूत्र, 45 ग्राम की सोने की ठूसी, 2.6 ग्राम की सोने की अंगूठी और करीब 3 ग्राम अन्य सोने के आभूषण चोरी कर ले गए।
इसके अलावा चोरों ने चांदी के दो कंदोरे, जिनका कुल वजन करीब 550 ग्राम, 70 ग्राम चांदी के तोड़े और 70 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
20 दिन बाद दर्ज हुई FIR, पुलिस पर सवाल
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना की जानकारी पुलिस को तत्काल दे दी गई थी, लेकिन मामला दर्ज करने में कथित तौर पर टालमटोल की गई। करीब 20 दिनों तक कार्रवाई का इंतजार करने के बाद अब पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर पहले से चिंता बनी हुई है। ऐसे में शिकायत के बाद मामला दर्ज करने में देरी को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि घटना के बाद जांच और कार्रवाई में देरी होने से महत्वपूर्ण साक्ष्य प्रभावित होने की आशंका रहती है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की तलाश और चोरी हुए सामान की बरामदगी को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
रिपोर्ट: कन्हैयालाल सोलंकी
