बुलंदशहर। डिबाई विधानसभा क्षेत्र के नरौरा स्थित तिकोना पार्क में अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी के बलिदान दिवस के अवसर पर उनकी नवनिर्मित प्रतिमा का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने अमर शहीद को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके त्याग, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी का जीवन देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। तिकोना पार्क में स्थापित उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को उनके अदम्य साहस और महान बलिदान की गौरवगाथा से परिचित कराएगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीद को श्रद्धांजलि दी।
