हरदोई: कोतवाली क्षेत्र बेनीगंज में बघौली-प्रतापनगर मार्ग पर बुढ़हरिया भट्ठे के पास बुधवार सुबह सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

बताया जा रहा है कि मृतक की उम्र करीब 55 वर्ष है। शव की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। युवक के सिर और पैर में चोट के निशान दिखाई देने के बाद उसकी मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल बना हुआ है कि युवक की मौत सड़क हादसे में हुई है या फिर मामला कुछ और है।
सूचना मिलते ही बेनीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। वहीं मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
बारिश के बीच पुलिसकर्मी छातों के सहारे मौके पर डटे रहे और अपनी ड्यूटी निभाते नजर आए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ युवक की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत सड़क हादसे में हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। शव की पहचान होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की उम्मीद है।
रिपोर्ट: अमित तिवारी
स्थान: प्रतापनगर, कोथावां, हरदोई
