मोहम्मदपुर/बिंद्राबाजार। क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मोहम्मदपुर विद्युत उपकेंद्र में 5 एमवीए क्षमता के अतिरिक्त इनकमिंग ट्रांसफार्मर का शिलान्यास किया गया। शिलान्यास पूर्व मंत्री डॉ. कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा ने विद्युत विभाग के एसडीओ निखिल शेखर सिंह एवं अवर अभियंता विनय कुमार मौर्य की उपस्थिति में किया।
बताया गया कि विद्युत उपकेंद्र पर पहले से 10-10 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर, कुल 20 एमवीए क्षमता के, संचालित थे। बढ़ते विद्युत भार के कारण क्षेत्र में बार-बार ट्रिपिंग, ओवरलोडिंग और लो वोल्टेज जैसी समस्याएं बनी रहती थीं। क्षेत्रवासियों की मांग पर शासन स्तर से 5 एमवीए का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर स्वीकृत कराया गया।
नए ट्रांसफार्मर के स्थापित होने के बाद उपकेंद्र की कुल क्षमता बढ़कर 25 एमवीए हो जाएगी, जिससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसफार्मर स्थापना का कार्य अगले 20 दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में एसडीओ निखिल शेखर सिंह, जेई विनय कुमार मौर्य, अवधेश चौहान सहित विद्युत विभाग के अधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: अजय कुमार, संवाददाता, आर हिंदुस्तान टीवी न्यूज़ चैनल, मोहम्मदपुर।
