शिवपुरी | संजय शर्मा
शिवपुरी जिले की नरवर थाना पुलिस ने अपराध की नियत से अवैध हथियार लेकर घूम रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक देशी कट्टा और दो जिंदा राउंड बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिलेभर में अवैध हथियार, शराब, जुआ और सट्टा के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राम दास प्रजापति एवं एसडीओपी करैरा श्री प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में नरवर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी सुरेन्द्र धाकड़ (34 वर्ष), निवासी ग्राम बैचई, थाना गसवानी, जिला श्योपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 315 बोर का देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
