भोपाल | संवाददाता: सेफ उद्दीन खान
भोपाल के थाना हबीबगंज पुलिस ने चोरी की दो बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 2 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद सामग्री में एलईडी टीवी, लेनोवो कंपनी का लैपटॉप, चांदी की पायल और तांबे का कलश शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ के दौरान शिवाजी नगर स्थित एक सूने मकान और वर्किंग वुमेन हॉस्टल में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिला सुराग
पुलिस आयुक्त संजय कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर डीसीपी जोन-1 अखिल पटेल, अतिरिक्त डीसीपी रश्मि अग्रवाल दुबे तथा एसीपी हबीबगंज उमेश तिवारी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 5 नंबर स्थित वाइन शॉप के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दो चोरी की वारदातें कबूलीं
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने शिवाजी नगर के एक सूने मकान से एलजी एलईडी टीवी, चांदी की पायल और तांबे का कलश चोरी किया था। इसके अलावा उसने वर्किंग वुमेन हॉस्टल से लेनोवो कंपनी का लैपटॉप भी चोरी किया था। पुलिस ने दोनों मामलों में चोरी गया सामान बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी
आर्यन चौहान उर्फ अनिकेत उर्फ डागी (22 वर्ष)
निवासी – अर्जुन नगर, थाना टीटी नगर, भोपाल।
लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ टीटी नगर, कमला नगर और हबीबगंज थानों में मारपीट, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित करीब 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की पूछताछ कर रही है।
