बारां | रिपोर्ट: ललती ओड | R हिंदुस्तान TV NEWS
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी, बारां के तत्वावधान में शनिवार को छात्रों और युवाओं के सम्मान में भव्य विजय मार्च निकाला गया। यह मार्च जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर शहर के प्रमुख बाजारों से होते हुए प्रताप चौक तक पहुंचा।

विजय मार्च में कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ताओं, छात्र-युवाओं और बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों ने भाग लिया। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा की मांग को लेकर नारे लगाए गए।
जिला संगठन महामंत्री कैलाश जैन ने बताया कि यह विजय मार्च पूर्व मंत्री एवं अंता विधायक प्रमोद जैन भाया के नेतृत्व में आयोजित किया गया। अपने संबोधन में प्रमोद जैन भाया ने कहा कि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया गया है और कांग्रेस जनता के हितों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष हंसराज मीणा ने कहा कि यह विजय मार्च छात्रों और युवाओं की आवाज की जीत का प्रतीक है। वहीं जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया, पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल और पूर्व विधायक निर्मला सहरिया ने भी शिक्षा, युवाओं के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।
मार्च का समापन प्रताप चौक पर हुआ, जहां कांग्रेस नेताओं ने छात्रों और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, नगर कांग्रेस, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-युवा और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
