सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के सरई संकुल केंद्र अंतर्गत घोघरा प्राथमिक विद्यालय में कथित अनियमितताओं और अव्यवस्थाओं की कवरेज करने पहुंचे पत्रकार को रोकने का मामला सामने आया है।

आरोप है कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने बिना किसी लिखित आदेश के वरिष्ठ अधिकारियों का हवाला देते हुए पत्रकार को विद्यालय की कवरेज करने से मना कर दिया। इस घटना के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय में मध्यान्ह भोजन, विद्यार्थियों की उपस्थिति और साफ-सफाई से संबंधित शिकायतें सामने आती रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जानी चाहिए।
पत्रकार को कवरेज से रोके जाने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। अब शिक्षा विभाग से पूरे घटनाक्रम की जांच और विद्यालय में सामने आई कथित शिकायतों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की जा रही है।
हालांकि, विद्यालय प्रबंधन और संबंधित शिक्षा अधिकारियों का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्टर: रमेश चंद्र जायसवाल, सिंगरौली (मध्य प्रदेश)
