देवघर | रिपोर्ट: मनोहर कुमार राज, ब्यूरो चीफ (हजारीबाग, झारखंड)

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर देवघर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बुधवार को बी.एड. कॉलेज, शिवराम झा चौक, क्यू कॉम्प्लेक्स से लेकर बाबा बैद्यनाथ मंदिर तक कांवरिया पथ का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने विभिन्न सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
एसपी ने भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, कतार प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कहा कि श्रावणी मेला में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस बल पूरी मुस्तैदी, समन्वय और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा है, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण कर सकें।
