रिपोर्ट: बलराम ओड | बारां, राजस्थान*
बारां। जिले में किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इफको द्वारा डीएपी उर्वरक की आपूर्ति की गई है। गुरुवार को बारां रैंक पॉइंट पर 1670 मीट्रिक टन डीएपी पहुंचाया गया, जिसे विभिन्न क्रय-विक्रय सहकारी समितियों एवं ग्राम सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को वितरित किया जा रहा है।

संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) राजेश विजय ने बताया कि आगामी दो से तीन दिनों में इफको द्वारा जिले की विभिन्न सहकारी समितियों को 1500 मीट्रिक टन अतिरिक्त डीएपी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद जिले के सभी आठ ब्लॉकों में मांग के अनुसार उर्वरक का आवंटन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में 11,298 मीट्रिक टन यूरिया, 3,190 मीट्रिक टन डीएपी, 777 मीट्रिक टन म्यूरेट ऑफ पोटाश, 8,217 मीट्रिक टन एनपीके और 11,183 मीट्रिक टन सिंगल सुपर फास्फेट विभिन्न सहकारी एवं निजी विक्रेताओं के पास उपलब्ध है।

इसके अलावा, आईपीएल द्वारा 1,600 मीट्रिक टन यूरिया की आपूर्ति की जा चुकी है। वहीं, इफको द्वारा आगामी दिनों में बारां रैंक पॉइंट पर लगभग 2,000 मीट्रिक टन यूरिया की आपूर्ति की जाएगी।
कृषि विभाग के अनुसार, किसान आधार कार्ड और जमीन की नकल के आधार पर अधिकतम पांच बैग डीएपी तथा 10 बैग यूरिया प्राप्त कर सकेंगे। किसानों को बिना किसी अतिरिक्त अटैचमेंट के उर्वरक वितरित किया जाएगा।
संयुक्त निदेशक कृषि ने किसानों से अपील की है कि वे स्थानीय सहकारी संस्थाओं एवं विक्रेताओं से अपनी आवश्यकता के अनुसार ही डीएपी और यूरिया खरीदें तथा अनावश्यक अग्रिम भंडारण से बचें। उन्होंने कहा कि जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
