शिवपुरी, 9 अक्टूबर 2026।* मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) खनियाधाना में एक दिवसीय करियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 85 आवेदकों को करियर संबंधी जानकारी देने के साथ नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार कौशल विकास एवं रोजगार विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन जिला रोजगार अधिकारी बी.एस. मीणा के मार्गदर्शन में हुआ।

आईटीआई खनियाधाना के प्राचार्य रवींद्र शोहरे ने बताया कि शिवपुरी से आए विषय विशेषज्ञ अनिल वर्मा ने विद्यार्थियों और युवाओं को उनकी रुचि, दक्षता एवं क्षमताओं के अनुसार करियर का चयन करने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और रोजगार के विभिन्न अवसरों के बारे में भी जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। सभी प्रतिभागियों को जीवन में कभी भी नशा नहीं करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में आईटीआई का शैक्षणिक एवं प्रशासकीय स्टाफ उपस्थित रहा। विभाग ने युवाओं के कौशल विकास और बेहतर रोजगार अवसरों के लिए इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की बात कही।
रिपोर्टर: जितेंद्र जैन, जिला शिवपुरी
