नेशनल हाईवे सर्विस रोड पर कार्रवाई, 6 हजार रुपये की शराब जब्त; आरोपी न्यायालय में पेश

शिवपुरी। जिले में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बदरवास थाना पुलिस ने 60 लीटर हाथ भट्टी से बनी कच्ची शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से आरोपी मदन उर्फ मदनलाल भील को गिरफ्तार कर न्यायालय कोलारस में पेश किया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने जिले के थाना प्रभारियों को अवैध शराब के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 12 अक्टूबर 2026 को बदरवास थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मांगरोल पुल के पास नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर एक व्यक्ति प्लास्टिक की केनों में हाथ भट्टी से बनी कच्ची शराब भरकर बेच रहा है।
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई की।
पुलिस ने मौके से मदन उर्फ मदनलाल पुत्र नन्दराम भील, उम्र 30 वर्ष, निवासी बढ़ेरा, थाना कोलारस, जिला शिवपुरी को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो प्लास्टिक की केनों में 30-30 लीटर, कुल 60 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 6,000 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शराब बिक्री से संबंधित लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद थाना बदरवास में अपराध क्रमांक 350/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय कोलारस में पेश किया।
शिवपुरी से ब्यूरो हेड केवल जैन की रिपोर्ट।
