क्षेत्राधिकारी नीतीश गर्ग ने पुलिस बल के साथ किया फ्लैग मार्च, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच

एटा, उत्तर प्रदेश। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए एटा पुलिस सतर्क है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग ने भारी पुलिस बल के साथ थाना मलावन क्षेत्र में पैदल गश्त और फ्लैग मार्च किया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान भी चलाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जी के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण किया। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की गई।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी

पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक सूचना या झूठी खबर प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी। पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें।
पुलिस ने नागरिकों से आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। इस दौरान थाना मलावन के प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
रिपोर्ट: सूरज कुमार
