गंगापुर सिटी | रिपोर्टर: बृजेश त्रिवेदी
गंगापुर सिटी की पंचायत समिति परिसर में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजस्थान के बालोतरा (पचपदरा) से आयोजित विकास एवं जनकल्याण कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान सहित देशभर के लिए एक लाख पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। इनमें राजस्थान रिफाइनरी का उद्घाटन, जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना की आधारशिला, यमुना जल परियोजना के महत्वपूर्ण कार्यों का शुभारंभ तथा हजारों युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र वितरित किए जाने की जानकारी साझा की गई। इन परियोजनाओं से प्रदेश में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई।
गंगापुर सिटी में कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों युवाओं को वेलकम किट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उपस्थित युवाओं ने इसे प्रेरणादायक पहल बताते हुए सरकार की विकास योजनाओं के प्रति विश्वास व्यक्त किया।
सभा को संबोधित करते हुए सभापति शिवरतन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में शुरू हुई विकास परियोजनाएं प्रदेश की अर्थव्यवस्था, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को नई गति देंगी तथा विकसित भारत और विकसित राजस्थान का संकल्प जनभागीदारी से ही साकार होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
इस अवसर पर सभापति शिवरतन अग्रवाल, प्रधान मंजू गुर्जर, उप जिला कलेक्टर विजेन्द्र मीना, जिला उपाध्यक्ष दीपक सिंघल, मोर्चा संयोजक जमनालाल वैष्णव, जिला महामंत्री विनोद अटल, शहर मंडल अध्यक्ष मिथलेश व्यास, रामभरोसी वैष्णव, विकास अधिकारी जगदीश गुर्जर, पार्षद ओमी कटारिया सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, प्रशासनिक अधिकारी, कार्मिक एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
