लखीमपुर खीरी | रविंद्र सिंह

लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी क्षेत्र में शनिवार तड़के एलपीजी गैस से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक पंचर की दुकान में जा घुसा। हादसे के बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते स्थिति पर काबू पाकर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।
जानकारी के अनुसार, थाना पसगवां क्षेत्र की मोहम्मदपुर ताजपुर चौकी अंतर्गत शाहजहांपुर–मोहम्मदी मार्ग पर स्थित खजुआ अड्डे के पास सुबह करीब 3:30 बजे चालक को कथित रूप से झपकी आने के कारण एलपीजी टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी पंचर की दुकान में जा घुसा। हादसे में दुकान में रखा इंजन और अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए।
गनीमत रही कि दुकान मालिक उस समय टैंकर की चपेट में नहीं आया, जिससे जनहानि टल गई। गैस रिसाव की सूचना मिलते ही पुलिस और मोहम्मदी फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने गैस रिसाव को नियंत्रित किया, एहतियात के तौर पर लगातार पानी का छिड़काव किया और क्रेन की मदद से टैंकर को सुरक्षित सीधा कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि गैस में आग लग जाती या विस्फोट हो जाता तो आसपास का इलाका गंभीर रूप से प्रभावित हो सकता था। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
वहीं, पंचर दुकान के मालिक ने दुर्घटना में हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग प्रशासन से की है।
रिपोर्ट: रविंद्र सिंह, लखीमपुर खीरी।
