रिपोर्टर: संजय शर्मा, एमपी ब्यूरो हेड*

शिवपुरी, मध्य प्रदेश। थाना इन्दार पुलिस ने पशु चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गई दो भैंसों, एक पड़िया और वारदात में इस्तेमाल लोडिंग बोलेरो पिकअप वाहन को बरामद किया है। बरामद मशरूका की कुल कीमत लगभग 9 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को ग्राम अम्हारा निवासी धर्मेंद्र यादव (38) ने अपने घर से दो भैंसें और एक पड़िया चोरी होने की शिकायत थाना इन्दार में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति और एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने जांच के दौरान 11 अक्टूबर 2026 को दो संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चैनसिंह तंवर (33), निवासी ग्राम झलामड़िया, जिला राजगढ़ और वीरू केवट (24), निवासी ग्राम पाड़ेपुर, जिला शिवपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने चोरी गई भैंसों, पड़िया और वारदात में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप वाहन को जब्त कर लिया।
पुलिस की इस कार्रवाई से पशु चोरी के मामले का खुलासा हुआ है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
स्रोत: पुलिस द्वारा जारी जानकारी।
