हरदोई। जनपद के टोडरपुर विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अयारी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री राजनी तिवारी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्ध जनों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर मंत्री राजनी तिवारी ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं तथा समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनता की सक्रिय सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने सभी से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख टोडरपुर श्याम बाबू त्रिवेदी, मंडल अध्यक्ष टोडरपुर राघवेंद्र सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं वर्तमान जिला प्रतिनिधि सज्जन तिवारी, उमरौली प्रधान अवनीश अग्निहोत्री, कैमी प्रधान मोहित सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज के सम्मानित नागरिकों को सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बना दिया।
संवाददाता: विवेक दीक्षित
स्थान: अयारी, टोडरपुर, हरदोई
