कन्नौज | रिपोर्ट: जयभान सिंह, ब्यूरो

संत रविदास जयंती के अवसर पर गुरुवार को कन्नौज के मानीमऊ क्षेत्र स्थित उदैतापुर गांव से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। धार्मिक और सामाजिक सौहार्द का संदेश देती इस यात्रा में उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण तथा भाजपा जिलाध्यक्ष वीरसिंह भदौरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कलश यात्रा उदैतापुर से प्रारंभ होकर सरायमीरा, मंडी समिति, मकरंद नगर तिराहा और कोतवाली मार्ग से होते हुए काजीटोला स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा संत रविदास के बताए समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
समापन समारोह में मंत्री असीम अरुण ने कहा कि प्रदेश सरकार भारतीय संस्कृति, संत परंपरा और महापुरुषों के सम्मान एवं संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने संत रविदास के आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
हालांकि, कार्यक्रम में अपेक्षित संख्या में लोगों के नहीं पहुंचने पर कुछ कार्यकर्ताओं ने नाराजगी भी जताई। उनका कहना था कि आयोजन की सूचना समय पर नहीं मिलने के कारण कई लोग शामिल नहीं हो सके। इस पर भाजपा जिलाध्यक्ष वीरसिंह भदौरिया ने अपनी व्यस्तता का हवाला देते हुए स्थिति स्पष्ट की।
