📍चित्तौड़गढ़, राजस्थान | गौरव मेडतवाल
चित्तौड़गढ़ में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में जिला कलक्ट्रेट के समिति कक्ष में हुई बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला कलक्टर ने दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में सुधार कार्यों में तेजी लाने, अवैध अतिक्रमण हटाने, नशे की हालत में वाहन चलाने वालों तथा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिले में संचालित सभी स्कूल बाल वाहिनियों (स्कूल वाहनों) की फिटनेस जांच सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना की समीक्षा की गई। साथ ही शहरी क्षेत्रों में भारी वाहनों के आवागमन, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क सुरक्षा से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
