कोतवाली पुलिस ने 4,500 रुपये बरामद किए, फरार साथी की तलाश जारी
शिवपुरी | संवाददाता: संजय शर्मा
शिवपुरी कोतवाली पुलिस ने 20 हजार रुपये की लूट की वारदात का महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सुरेन्द्र शर्मा उर्फ पण्डा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटी गई रकम में से 4,500 रुपये बरामद किए गए हैं, जबकि उसका साथी विकास उर्फ आकाश बाथम अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को फरियादी सुल्तान सिंह गुर्जर, निवासी बम्हारी थाना, ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 28 जुलाई 2026 को रोटरी क्लब की बाउंड्री के पास पैदल जाते समय बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर उनकी पैंट की जेब में रखे 20 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 578/26 दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में टीआई रोहित दुबे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान सुरेन्द्र शर्मा उर्फ पण्डा के रूप में की। सूचना मिलने पर पुलिस ने पुराने रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी विकास उर्फ आकाश बाथम के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि लूट की रकम में से 4,500 रुपये उसके पास थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया, जबकि बाकी रकम उसके फरार साथी के पास है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सुरेन्द्र शर्मा उर्फ पण्डा एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे पूर्व में भी विभिन्न थानों द्वारा लूट सहित अन्य मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
