मंडल ब्यूरो प्रमुख अयोध्या, उत्तर प्रदेश: अनिल जायसवाल की खास रिपोर्ट

जयसिंहपुर, सुल्तानपुर। पूर्व माध्यमिक विद्यालय सराय कांदीपुर में 24 सितंबर को मीना दिवस के अवसर पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और लैंगिक समानता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चित्र बनाकर जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को मीना के साहस, निडरता और खुशमिजाज व्यक्तित्व के बारे में जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 24 सितंबर को मीना दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए आगे आने के लिए प्रेरित करना है।

चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक सोच और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों के माध्यम से सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक राहुल जायसवाल सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों का उत्साह देखने लायक रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को जागरूकता से जुड़े विषयों पर निरंतर सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया।
