चित्तौड़गढ़। तिरंगा यात्रा अभियान के तहत रविवार को अवकाश एवं बारिश के बावजूद चित्तौड़गढ़ ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्राएं निकालीं। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा निकाली।

सीबीईओ शंभुलाल सोमानी ने बतया कि बारिश के बीच भी विद्यार्थियों और शिक्षकों का उत्साह देखते ही बना। कई विद्यालयों में विद्यार्थियों ने तिरंगे के साथ देशभक्ति गीतों और नारों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के साथ सहभागिता करते हुए उन्हें राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के प्रति जागरूक किया।

अवकाश के दिन आयोजित इन गतिविधियों में विद्यार्थियों की स्वैच्छिक भागीदारी ने अभियान के प्रति उनके उत्साह को प्रदर्शित किया। विद्यालयों में तिरंगा यात्रा के माध्यम से हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
