ब्यूरो चीफ जितेंद्र जैन | जिला शिवपुरी, मध्य प्रदेश*

भोपाल, 13 अक्टूबर 2026। मध्य प्रदेश में मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, भोपाल में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक के दौरान मतदाता सूची को अद्यतन करने और पात्र नागरिकों का पंजीयन सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
फॉर्म-6 भरकर करा सकेंगे नए मतदाताओं का पंजीयन
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान के योग्य युवाओं के पंजीयन के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ नियमानुसार आवश्यक जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि फॉर्म-6 जमा करने के बाद अलग से घोषणा-पत्र (डिक्लेरेशन फॉर्म) प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं है।
राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से मतदाता सूची को अद्यतन करने के कार्य में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी देना, उनके आवेदन प्राप्त करना और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
प्रदेश के प्रत्येक जिले में संचालित इस अभियान के तहत तहसील स्तर पर एसडीएम और तहसीलदार तथा जिला स्तर पर संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी आवश्यक सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर.पी.एस. जादौन तथा उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय श्रीवास्तव, राजेश यादव और वीरेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।
