ब्यूरो चीफ: जितेंद्र जैन | जिला शिवपुरी, मध्य प्रदेश*

शिवपुरी। ऑल इंडिया जैन जर्नलिस्ट एसोसिएशन (आइजा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हार्दिक हुंडिया ने डॉ. प्रदीप बाफना को मध्य प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया है। मुंबई में हुई इस घोषणा के दौरान उन्होंने डॉ. बाफना के संगठनात्मक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. बाफना ने मध्य प्रदेश में 450 पत्रकारों को संगठन से जोड़कर आइजा को मजबूती प्रदान की है। इसी विश्वास के साथ उन्हें पुनः प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष हार्दिक हुंडिया ने कहा कि आइजा जैन समाज में जागरूकता लाने के साथ धर्म में व्याप्त शिथिलाचार और आडंबर के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने डॉ. बाफना से जल्द नई प्रदेश कार्यकारिणी गठित कर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया। साथ ही पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजीव सैनानी के कार्यों की भी सराहना की।
उन्होंने बताया कि डॉ. प्रदीप बाफना के नेतृत्व में मांडवगढ़ तथा राजीव सैनानी के नेतृत्व में अशोकनगर में पूज्य सुधासागर जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित आइजा के राष्ट्रीय सम्मेलन ऐतिहासिक रहे। संगठन भविष्य में भी समाज को जागरूक करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगा।
डॉ. प्रदीप बाफना ने जताया आभार
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप बाफना ने राष्ट्रीय अध्यक्ष हार्दिक हुंडिया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर पुनः विश्वास जताकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वे आइजा के माध्यम से समाजहित में कार्य करने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने जल्द ही मध्य प्रदेश की नई प्रदेश कार्यकारिणी घोषित करने और संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की बात कही।
