तखतगढ़ | रिपोर्ट: कन्हैयालाल सोलंकी | R हिंदुस्तान TV NEWS
तखतगढ़ स्थित राय गांधी आदर्श विद्या मंदिर में छात्र संसद एवं कन्या भारती के चुनाव लोकतांत्रिक और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुए। चुनाव में अध्यक्ष, व्यवस्थापक, कोषाध्यक्ष, सचिव, अनुशासन प्रमुख, सांस्कृतिक प्रमुख और खेल प्रमुख सहित विभिन्न पदों के लिए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक नामांकन दाखिल किया।

अध्यक्ष पद के लिए कक्षा 10 के प्रतापसिंह और कक्षा 9 के अशोक कुमार मैदान में हैं, जबकि कन्या भारती अध्यक्ष पद के लिए कक्षा 10 की अक्षिता सोनी एवं कक्षा 9 की निकिता कुमारी ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की।
चुनाव प्रभारी आचार्य नारायणलाल जोगसन ने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जानकारी देते हुए मोबाइल आधारित ईवीएम प्रणाली के माध्यम से मतदान कराया। कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
चुनाव प्रक्रिया में विद्यालय के सभी आचार्यों एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग दिया। विद्यालय के पूर्व छात्र एवं एबीवीपी के प्रांत मंत्री साहिल माली तथा जिनल मेवाड़ा ने भी मतदान व्यवस्था का निरीक्षण किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य इन्द्रसिंह राठौड़ के मार्गदर्शन में आयोजित इस चुनाव को विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया। छात्र संसद एवं कन्या भारती चुनाव के परिणाम सोमवार, 27 जुलाई को घोषित किए जाएंगे।
