शिवपुरी | रिपोर्ट: संजय शर्मा | R हिंदुस्तान TV NEWS
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में नशामुक्ति अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 21.80 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत ₹4.20 लाख बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मनियर ईटमा रेलवे अंडरब्रिज के पास एक व्यक्ति स्मैक बेचने की नियत से खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन उसे पीछा कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनोज कुचवंदिया (38 वर्ष) निवासी सहराना, मनियर, शिवपुरी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से पारदर्शी पन्नी में रखी 21.80 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग ₹4.20 लाख आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 564/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल स्मैक की सप्लाई चेन और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ जारी है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि “नशामुक्ति अभियान 2.0” के तहत शहर में नशीले पदार्थों की बिक्री, परिवहन और सेवन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अन्य जिलों एवं राज्यों से आने वाले तस्करों की जानकारी भी जुटाई जा रही है, ताकि उनके विरुद्ध भी एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जा सके।
मुख्य बिंदु
21.80 ग्राम स्मैक बरामद
अनुमानित कीमत ₹4.20 लाख
आरोपी मनोज कुचवंदिया गिरफ्तार
एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज
स्मैक के स्रोत और नेटवर्क की जांच जारी
रिपोर्ट: संजय शर्मा, R हिंदुस्तान TV NEWS, शिवपुरी।
