हरदोई। आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमापूर्ण, भव्य और शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित करने के उद्देश्य से गुरुवार को स्वामी विवेकानन्द सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक भवनों पर निर्धारित समय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए तथा राष्ट्रगान का आयोजन अनिवार्य रूप से कराया जाए। इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके आश्रितों के सम्मान, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा जनहितकारी योजनाओं से जुड़े आयोजनों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत, नगर निकाय, लोक निर्माण, परिवहन सहित सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने समारोह स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन समय से सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हों। साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: नबाब सिंह, तहसील संवाददाता (बिलग्राम)
R हिंदुस्तान TV News
