रामलीला स्थल और मेला परिसर का लिया जायजा, CCTV कैमरों की निगरानी के दिए निर्देश

एटा, उत्तर प्रदेश। आगामी दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए एटा पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने पुलिस अधिकारियों के साथ रामलीला स्थल और मेला परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाहा तथा थाना कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पंवार मौजूद रहे। अधिकारियों ने मेले में भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और लोगों के आने-जाने के मार्गों का बारीकी से निरीक्षण किया।
कंट्रोल रूम में CCTV कैमरों की जांच
अपर पुलिस अधीक्षक ने कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को 24 घंटे सतर्क निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य दशहरा पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए समय रहते आवश्यक कदम उठाना है।
रिपोर्ट: सूरज कुमार
