सवाई माधोपुर | रिपोर्ट: बृजेश त्रिवेदी

सवाई माधोपुर जिले में हाल के दिनों में मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी (आईपीएस) के निर्देश पर खण्डार थाना परिसर में पुजारियों, महंतों एवं धर्मस्थलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक का आयोजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह मीणा के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी (ग्रामीण) रामधन जाट की अध्यक्षता में हुआ। इसमें खण्डार और बहरावण्डा कलां क्षेत्र के मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
पुलिस अधिकारियों ने मंदिरों में प्रवेश और निकास द्वार, दानपात्र तथा मुख्य स्थानों पर हाई-डेफिनिशन (HD) सीसीटीवी कैमरे लगाने, कम से कम 30 दिनों का बैकअप सुरक्षित रखने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, दानपात्रों एवं बहुमूल्य आभूषणों की सुरक्षित व्यवस्था करने और बड़े मंदिरों में रात्रि चौकीदार नियुक्त करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस की रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।
बैठक में मौजूद पुजारियों और महंतों ने मंदिरों की सुरक्षा से जुड़ी व्यावहारिक समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। पुलिस अधिकारियों ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और निगरानी बढ़ाने का आश्वासन दिया।
